नहरों की सिल्ट सफाई को अफसरों को निर्देशित करते राज्य मंत्री।
- फोटो : PILIBHIT
पूरनपुर। राज्य के सिंचाई एवं जल शक्ति राज्यमंत्री बल्देव सिंह औलख ने कहा कि नहरों और माइनरों की सिल्ट सफाई गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शिता से कराई जाए। नहर पर अतिक्रमण न हो। अगर काम में गड़बड़ी मिली तो कार्रवाई होगी।
राज्यमंत्री बल्देव सिंह औलख बुधवार दोपहर असम हाईवे से होते हुए गांव खमरिया पट्टी के आगे माइनर और खारजा नहर से निकले नाले पर निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने शारदा सागर खंड के एक्सईएन हरीश चंद्र यादव को टेल तक पानी पहुंचाने और नहरों की सिल्ट सफाई बेहतर ढंग से कराने पर जोर दिया। कहा कि सिंचाई विभाग की भूमि पर कहीं भी अतिक्रमण नहीं होना चाहिए। अगर कहीं अतिक्रमण है तो उसे तुरंत हटवाएं। राज्य मंत्री से जाट सिखों के एक प्रतिनिधि मंडल ने मुुलाकात कर बताया कि ऑनलाइन जाति प्रमाण पत्र नहीं बनाए जा रहे। प्रमाण पत्र जारी कराने के लिए कई चक्कर लगा चुके हैं। हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर टालमटोल कर दी जाती है। राज्यमंत्री ने समाधान कराने का भरोसा दिलाया और कहा कि अधिकारी मनमानी करते हैं, तो कार्रवाई होगी। प्रतिनिधि मंडल में डॉ. गुरदेव सिंह, प्रगट सिंह, गुरपाल सिंह, श्रीकांत सिंह आदि थे।