पीलीभीत। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से पंचायत उप चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है। जिले में इसके लिए छह अगस्त को मतदान होगा। इसमें रिक्त हुए तीन प्रधान पदों के लिए भी चुनाव होगा। अधिसूचना जारी होने के बाद अधिकारी तैयारी करने में लग गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार सिंह की ओर से उप चुनाव की अधिसूचना जारी की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम के अनुसार 22 जुलाई नामांकन पत्रों को जमा करने की अंतिम तिथि है।
23 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच, 24 जुलाई को नाम वापसी और इसी दिन चुनाव चिह्नों का आवंटन होगा। छह अगस्त को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान और आठ अगस्त को सुबह आठ बजे से मतगणना होगी। इसमें रिक्त पूरनपुर ब्लाॅक की ग्राम पंचायत शेरपुर कलां, बिलसंडा ब्लॉक की ग्राम पंचायत घुंघचाई और बीसलपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत पहाड़गंज में प्रधान पद के लिए उप चुनाव होगा।
इसके साथ ही रिक्त 58 ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए भी चुनाव होगा। क्षेत्र पंचायत के भी चार पद रिक्त हैं।