संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। शारदा नदी पर बने पैंटून पुल के आगे रविवार शाम को जलभराव हो गया था। ऐसे में सोमवार को बसों का संचालन बंद रहा तो छोटे वाहन भी बमुश्किल निकले।। मंगलवार दोपहर को पानी निकलने पर बसों और अन्य वाहनों का संचालन शुरू हो गया। इससे लोगों ने राहत की सांस ली।
तहसील क्षेत्र के शारदा पार के गांवों में आवागमन के लिए हर साल शारदा नदी पर पैंटून पुल बनता है। बाढ़ को लेकर पुल को 15 जून को हटाने और 15 अक्तूबर से पुल से आवागमन शुरू कराने की तिथियां निर्धारित हैं। मगर कई सालों से पैंटून पुल निर्धारित समय से पहले हटा लिया जाता है, लेकिन निर्धारित समय पर बनकर तैयार नहीं होता।
पैंटून पुल न होने पर नदी पार से आवागमन के लिए लोगों को 30 की जगह 130 किमी की दूरी तय करनी पड़ती है। रविवार दोपहर से नदी का जलस्तर बढ़ने पर नदी का पानी पैंटून पुल के आगे बहने लगा। इससे वाहन सवारों को आवगमन में असुविधा हुई। सोमवार को बसों का संचालन ठप रहा।
पूरनपुर टाटरगंज बस यूनियन के प्रबंधक लियाकत हुसैन ने बताया कि मंगलवार को पुल के आगे भरा पानी निकलने पर बसों का संचालन शुरू करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि रास्ता कई स्थानों पर खराब होने से बसों के संचालन में परेशानी हो रही है।