रोडवेज डिपो पर खड़ी बसें। फाइल फोटो।
पीलीभीत। हल्द्वानी आवागमन करने वाले यात्रियाें के लिए राहत भरी खबर है। पीलीभीत डिपो से जल्द ही हल्द्वानी तक बस संचालन होने जा रहा है। इस संबंध में लंबे समय से पत्राचार किया जा रहा था। अफसरों की ओर से हरी झंडी मिलने के बाद अब कवायद तेज कर दी गई है।
स्थानीय डिपो से 103 बसों का संचालन दिल्ली, कानपुर, लखनऊ, रुद्रपुर, मथुरा सहित अन्य स्थानों के लिए किया जा रहा है। हल्द्वानी के लिए बस संचालन न होने से यहां के यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जिले से काफी संख्या में यात्री काम के सिलसिले में हल्द्वानी आते-जाते हैं। बस संचालन न होने से यहां के यात्री निजी बस व अन्य वाहनों से आवागमन कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बस संचालन के लिए कई बार अधिकारियों से बात की। इसके बाद डिपो के अधिकारियों ने उच्चाधिकारियों पत्राचार कर बस संचालन की मांग की। अब बस संचालन को लेकर हरी झंडी मिल गई है। एआरएम विपुल पाराशर ने बताया कि हल्द्वानी बस संचालन को लेकर हरी झंडी मिल गई है। जल्द ही इसका संचालन शुरू हो जाएगा।
बीसलपुर से हल्द्वानी के लिए चलाई जाएगी बस
इस बस का संचालन बीसलपुर से किया जाएगा। बस बीसलपुर-पीलीभीत-बहेड़ी होकर हल्द्वानी के लिए रवाना होगी। कुल 133 किमी. बस का संचालन होगा। इसमें यात्री को 200 रुपये किराया अदा कराना होगा।