एक्साइज ड्यूटी के विरोध में सराफा व्यापारियों का आंदोलन 27वें दिन भी जारी रहा। शहर में व्यापारियों ने दोपहर तक धरना दिया और शाम को विरोध स्वरूप जुलूस निकाला। वहीं पूरनपुर में वित्तमंत्री का पुतला दहन कर ज्ञापन सौंपा।
रविवार की सुबह सराफा व्यापारी रोज की तरह मोतीराम चौराहे पर एकत्र हुए। व्यापारियों ने यहां धरना देकर अपना विरोध जताया। धरने को संबोधित करते हुए अध्यक्ष जग्गो बाबू ने कहा कि सरकार आंदोलन खत्म कराने के लिए कई स्थानों पर लाठी चार्ज एवं गिरफ्तारियां कर रही है, लेकिन व्यापारी विचलित होने वाली नहीं। एक्साइज ड्यूटी खत्म होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन ने अगले एक दो दिन में जेल भरो आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया है। दोपहर बाद सभी व्यापारियों ने मोटर साइकिलों से शहर में जुलूस निकाला। विभिन्न मार्गों से निकले जुलूस में व्यापारियों ने केंद्र सरकार और वित्तमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान शैली अग्रवाल, आलोक अग्रवाल, प्रयांश, हरिबाबू अग्रवाल, विदित, नीरज रस्तोगी, अचल रस्तोगी, विजय उर्फ बन्नू, साकेत अग्रवाल, अमन, राकेश अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, नमित, हनी, अनुराग, अभिषेक, दीपक मराठा, अजय सहित कई व्यापारी थे।
पूरनपुर। स्वर्णकार समाज उत्थान समिति के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ राजपूत ने सराफा व्यापारियों के साथ बैठक कर सभी दुकानें बंद करने का आहवान किया। इसके बाद राजपूत के नेतृत्व में सराफा व्यापारियों ने स्टेशन चौराहा पर वित्तमंत्री का पुतला फूंका और जुलूस की शक्ल में एसडीएम कार्यालय पहुंचकर वित्तमंत्री को संबोधित ज्ञापन सीओ राजेश्वर सिंह को सौंपा। इस मौके पर संजय गुप्ता, आशीष रस्तोगी, कपिल गुप्ता, सर्वेश वर्मा, सूर्य प्रकाश, राजेश, सुनील वर्मा, तोताराम, दुर्वेश, जितेंद्र, नितिन वर्मा आदि सराफ व्यापारी थे।