मोतीराम चौराहे पर नारेबाजी कर दिया धरना
जिले में 25वें दिन भी ठप रहा कारोबार
एक्साइज ड्यूटी के विरोध में सराफा व्यापारियों ने धरना दिया और नारेबाजी कर वित्तमंत्री का पुतला फूंका। वहीं, जिले भर में सराफा कारोबार 25वें दिन भी ठप रहा।
सराफा एसोसिएशन के बैनर तले शुक्रवार को व्यापारियों ने शहर के मोतीराम चौराहे पर धरना दिया। धरनास्थल पर हुई सभा में महामंत्री शैली अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा थोपे जा रहे काले कानून को सराफा व्यापारी हरगिज बर्दाश्त नहीं करेंगे। चाहे इसके लिए कितनी ही लंबी लड़ाई क्यों न लड़नी पड़े। तय हुआ कि जब तक एक्साइज ड्यूटी को समाप्त नहीं किया जाएगा, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। इस दौरान व्यापारियों ने नारेबाजी कर वित्तमंत्री अरुण जेटली के पुतले को आग के हवाले कर दिया। इधर शुक्रवार को भी जिले का सराफा कारोबार ठप रहा। इस दौरान व्यापारियों ने एक दूसरे को होली पर्व की बधाई दी। इस मौके पर अध्यक्ष जग्गोबाबू, रचित अग्रवाल, श्यामबाबू अग्रवाल, विदित अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, ओमप्रकाश अग्रवाल, नीरज रस्तोगी, अजय गुप्ता, अचल रस्तोगी, राजीव अग्रवाल, संजय अग्रवाल, कपिल अग्रवाल, राजू अग्रवाल, पवन अग्रवाल, रवि गुप्ता, रोहित गुप्ता, रजनीश गुप्ता आदि मौजूद रहे।