पीलीभीत। जनपद की 216 ग्राम पंचायतों में पहले पंचायत भवनों का निर्माण किया जाएगा। इसके बाद ही इन सभी ग्राम पंचायतों में दूसरे विकास कार्य किए जा सकेंगे। इसमें 42 पंचायतों में भवनों का निर्माण शासन से मिली धनराशि से कराया जाएगा, जबकि शेष ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन 14वें वित्त और राज्य वित्त की राशि से बनाए जाएंगे।
शासन ने चालू वित्तीय वर्ष में ग्राम पंचायतों को 15वें वित्त आयोग से मिलने वाले अनुदान के खर्च करने में बदलाव किया है। इसके तहत 15वें वित्त आयोग से मिलने वाली धनराशि से सबसे पहले पंचायत भवन और सामुदायिक शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। इसके बाद ही वहां दूसरे कार्यों में धनराशि व्यय होगी। इसको लेकर पंचायत विभाग ने पंचायत भवन विहीन या जर्जर पंचायत भवन वाली ग्राम पंचायतों का चिह्नित करने का काम पूरा कर लिया है। पंचायत विभाग के मुताबिक, 216 ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन का निर्माण कराया जाएगा। इसे लेकर सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। सीडीओ श्रीनिवास मिश्र ने बताया कि जिन ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन और सामुदायिक शौचालय नहीं हैं, उनमें सर्वप्रथम पंचायत भवन और सामुदायिक शौचालय बनाए जाएंगे। इसके बाद ही दूसरे विकास कार्य कराए जा सकेंगे।