पीलीभीत। आयुर्वेदिक कॉलेज के चिकित्सक और न्यूरिया सीएचसी पर कार्यरत स्वास्थ्य कर्मी समेत एंटीजन किट से हुई कोरोना की जांच में 44 लोग संक्रमित पाए गए। जांच रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें होम आइसोलेट करने की तैयारी शुरू कर दी है। जनपद में अब कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 984 हो गई है। वहीं एक्टिव केस की संख्या 591 है।
बुधवार को एंटीजन किट से हुई जांच में शहर के आयुर्वेदिक कॉलेज में कार्यरत चिकित्सक और न्यूरिया सीएचसी पर स्वास्थ्य कर्मी कोरोना पॉजिटिव निकले। इनके अलावा शहर में बल्लभनगर कॉलोनी के दो बच्चों समेत चार पॉजिटिव मिले। न्यूरिया में स्वास्थ्य कर्मी समेत पांच, बरखेड़ा और बिलसंडा में तीन-तीन, बीसलपुर में सात कोरोना पॉजिटिव निकले। इनमें मोहल्ला पटेलनगर और ग्यासपुर में दो-दो, मोहल्ला दुर्गाप्रसाद में एक और गांव गोवल के दो बच्चे भी शामिल हैं। अमरिया में ग्राम पंचायत सचिव की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई। पूरनपुर में एंटीजन किट से हुई जांच में माधोटांडा के आठ, पूरनपुर नगर में दो, शेरपुरकलां में पांच केस पॉजिटिव निकले। अमरिया ब्लॉक और न्यूरिया सीएचसी को सैनिटाइज कराकर सील कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमितों की तलाश शुरू कर दी है। इसके बाद उन्हें होम आइसोलेट करने की तैयारी है। एएसीएमओ डॉ. सीएम चतुर्वेदी ने बताया कि संक्रमितों की तलाश की जा रही है। घर की व्यवस्था देखने के बाद उन्हें होम आइसोलेट किया जाएगा। जिनके घर व्यवस्था नहीं है, उन मरीजों को कोविड अस्पताल में भर्ती किया जाएगा।