पूरनपुर। नगर के देवीस्थान मंदिर पर 1.91 करोड़ रुपये की लागत से सुंदरीकरण कराने के साथ ही हाॅल का निर्माण कराया जाएगा। यह धनराशि वंदन योजना के तहत भेजे गए प्रस्ताव पर स्वीकृत हुई है। परिसर में पत्थर व टाइल्स नगर पालिका लगवाएगी।
मोहल्ला साहूकारा स्थित देवीस्थान मंदिर प्राचीन और लोगों की आस्था का केंद्र है। नवरात्र में यहां श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रहती है। नगर पालिका चेयरमैन शैलेंंद्र गुप्ता ने बताया कि मंदिर के जीर्णोद्धार आदि के लिए वंदन योजना के तहत बीते दिनों प्रस्ताव भेजा गया था।
अब 1.91 करोड़ रुपये का बजट मंजूर हुआ है। इस धनराशि से मंदिर परिसर में बड़े हाॅल का निर्माण कराया जाएगा। यहां सुंदरीकरण के तहत टाइल लगाने सहित अन्य काम भी कराए जाएंगे।
गांधी और संजय गांधी पार्क की सुधरेगी दशा ः चेयरमैन ने बताया कि नगर की गांधी और आलोक कॉलोनी स्थित संजय गांधी पार्क मेंं भी 77-77 लाख रुपये से कार्य कराए जाएंगे। गांधी पार्क में महात्मा गांधी की नई प्रतिमा लगवाई जाएगी। दोनों पार्कों में बेंच और सेल्फी प्वाइंट बनवाए जाएंगे। संजय गांधी पार्क में ओपन जिम भी खुलवाया जाएगा। संवाद