15 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया के तहत काउंसिलिंग करा चुकीं महिला और दिव्यांग अभ्यर्थियों ने बीएसए कार्यालय पहुंचकर अपने विकल्प पत्र भरकर जमा किए। इसको लेकर काफी गहमा गहमी रही।
शिक्षक भर्ती को लेकर 14 और 23 जून को करीब 249 अभ्यर्थियों ने बीएसए कार्यालय में हुई काउंसिलिंग में भाग लिया था। इन अभ्यर्थियों में से महिला और दिव्यांग अभ्यर्थियों को विकल्प पत्र भरने का मौका दिया गया। इधर, मंगलवार सुबह होते ही बीएसए कार्यालय में विकल्प पत्र भरने वाले अभ्यर्थियों का परिवार वालों के साथ पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। करीब साढ़े दस बजे से विकल्प पत्र भरने की प्रक्रिया शुरू की गई। अभ्यर्थियों ने विकल्प पत्र भरने के बाद डीएम द्वारा गठित समिति के समक्ष उपस्थित होकर उन्हें जमा किया। बारिश के बाद बढ़ी उमस से बीएसए कार्यालय परिसर में मौजूद अभ्यर्थी गर्मी से बेहाल दिखे। इस मौके पर प्रभारी बीएसए उमेश गौतम, डायट प्राचार्य बीएल गौतम, खंड शिक्षा अधिकारी पीएस राना, विषय विशेषज्ञ राजेश कुमार, वरिष्ठ लिपिक संजय सिंह मौजूद रहे। प्रभारी बीएसए ने बताया कि शाम तक विकल्प पत्र भरने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। इन अभ्यर्थियों को संभवता एक दो दिन में नियुक्ति पत्र भी दे दिए जाएंगे।