बीसलपुर। तहसील कार्यालय के एक संग्रह लिपिक का रिश्वत लेते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामला संज्ञान में लेकर तहसीलदार ने जांच की। तहसीलदार की जांच रिपोर्ट को एसडीएम ने कार्रवाई की संस्तुति कर डीएम को भेजे दी है।
शनिवार सुबह एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इसमें तहसील कार्यालय का संग्रह लिपिक ग्रामीण से कुछ रुपये लेता दिखाई दे रहा था। वायरल करते वक्त बताया गया था कि लिपिक ने बकायेदार ग्रामीण से राहत देने के नाम पर सुविधा शुल्क वसूला है। वायरल वीडियो अधिकारियों के संज्ञान में आया। फिर एसडीएम राकेश गुप्ता ने तहसीलदार ध्रुव नारायण से पूरे मामले की जांच कराई। तहसीलदार ने बताया कि वीडियो को देखने के बाद रुपये लेने की बात स्पष्ट प्रतीत हो रही है। इसे देखते हुए कार्रवाई की संस्तुति कर रिपोर्ट एसडीएम को दी गई। एसडीएम के माध्यम से उसे डीएम को भेज दिया है।