हादसे में घायल हुए मोहम्मद बख्श के परिवार के बच्चे स्रोत : ग्रामीण
पूरनपुर। ट्रक से कुचलकर जान गंवाने वाले गांव जोगराजपुर निवासी मोहम्मद बख्श और मोहम्मद अजीम बचपन से ही एक-साथ कहीं जाते। मोहम्मद अजीम मूक बधिर थे। इससे परिजन उनका खास ख्याल रखते थे। बुधवार को भी दोनों भाइयों ने नगर में कपड़ा खरीदा और वाहन पर लदवाकर शेरपुरकलां में रिश्तेदार मोहम्मद असलम के घर दावत में खाना खाकर एक साथ निकले थे। दोनों भाइयों का साथ-साथ रहना और एक साथ दुनिया से चले जाना लोगों में चर्चा का विषय बना रहा। उनके घर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों की भीड़ लगी रही।
मोहम्मद अजीम अपने पांच भाइयों में सबसे छोटा और मोहम्मद बख्श बड़े भाई नूर बख्श से छोटा था। पांच भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़ा भाई नूर बख्श और एक बहन भी जन्म से ही मूक बधिर हैं। मोहम्मद अजीम अविवाहित था। वह मोहम्मद बख्श के साथ ही रहता था। इसके अलावा दोनों के माता-पिता भी मोहम्मद अजीम के साथ ही रहते थे।
दोनों का पुराने कपड़ों का व्यापार था। बुधवार को भी दोनों एक साथ नगर में कपड़ा खरीदारी करने आए थे। बृहस्पतिवार शाम दोनों के शव पोस्टमाॅर्टम के बाद घर पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया। शाम को सुपुर्दे खाक को जब दोनों भाइयों का जनाजा उठा तो वहां एकत्र लोगों की आंखें नम हो गईं। बुधवार को दोनों भाई नगर से गांव लौटते समय गांव गढ़वाखेड़ा में चाट खाने को रुक गए थे।
इसी समय पूरनपुर से खुटार की ओर से जा रहे अनियंत्रित ट्रक ने दोनों भाइयों को रौंद दिया था। सीएचसी लाए गए मोहम्मद अजीम को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया था, जबकि मोहम्मद बख्श ने जिला अस्पताल पहुंचकर दम तोड़ दिया।