पीलीभीत। जिला अस्पताल परिसर में तीन जगहों पर नगर पालिका की ओर से अलाव लगाया जाएगा। मरीजों व तीमारदारों को रही सर्दी से बचाने के लिए यह निर्णय लिया गया है। अस्पताल प्रशासन ने इसको लेकर पालिका को पत्राचार किया है। दावा है कि जल्द ही यहां अलाव के लिए लकड़ी उपलब्ध हो जाएगी।
जिला अस्पताल में मरीज व उनके तीमारदारों के लिए अलाव की व्यवस्था नहीं है, इससे मरीज व उनके तीमारदारों को काफी समस्याएं हो रही थीं। अमर उजाला ने एक जनवरी को वार्ड में हीटर नहीं ठिठुर रहे मरीज शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। खबर छपने के बाद हरकत में आए अस्पताल प्रशासन ने अब पत्राचार किया है।
अस्पताल परिसर में पुराने व नए इमरजेंसी कक्ष के बाहर और भर्ती वार्ड स्थित रसोईघर के पास अलाव लगाने के लिए कहा गया है। सीएमएस डॉ. रमाकांत सागर ने बताया कि जल्द ही तीन स्थानों पर अलाव का प्रबंध करा दिया जाएगा।
-
वार्डों में होगा हीटर का प्रबंध
वार्ड में भर्ती मरीजों के लिए हीटर का प्रबंध कराया जाएगा। इसको लेकर भी पत्राचार कर दिया गया है। सीएमएस ने बताया कि जिला अस्पताल की वायरिंग पुरानी है। जांच कराकर क्षमता के अनुसार वार्डों में हीटर का भी प्रबंध करा दिया जाएगा।