बीसलपुर। बीएड के छात्र का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। साथ ही परिजनों से जानकारी ली। परिजन ने पुलिस को बताया कि छात्र किडनी रोग की समस्या से पीड़ित था। इसी से परेशान होकर उसने आत्महत्या की है।
मोहल्ला दुर्गा प्रसाद निवासी विश्वजीत प्रजापति ने बताया कि उनका भाई 30 वर्षीय सुरजीत प्रजापति किडनी रोग से पीड़ित था। वह अपनी बीमारी को लेकर काफी परेशान रहता था। अक्सर कहा करता था कि अब जीने का कोई औचित्य नहीं है। परिवार के लोग उसे काफी समझाते रहते थे। बीमारी से परेशान होकर सुरजीत ने आत्महत्या कर ली। बताया कि रविवार की रात किसी समय अपने कमरे में खिड़की की ग्रिल से दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या की है। परिजन सोमवार को सुबह जब सोकर उठे, तब उन्होंने सुरजीत को फंदे से लटका हुआ देखा। यह बात पूरे मोहल्ले में फैल गई और जरा देर में मौके पर काफी भीड़ लग गई। सूचना पर कोतवाल संजीव शुक्ला पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजन से मामले की जानकारी ली।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि सुरजीत बरेली कॉलेज से बीएड की पढ़ाई कर रहा था। उसकी मां और पिता का निधन पहले ही हो चुका है। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि छात्र की मौत का कारण पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हो सकेगा। संवाद