शिकायत के बाद भी दूर नहीं हुई नौगवां पकड़िया बस्ती की समस्या
मुख्य नाले पर अतिक्रमण किए जाने से बस्ती में मुख्य मार्ग में जलभराव हो गया है। कई बार कहने के बाद भी समस्या का समाधान न होने से नाराज लोगों ने सीडीओ का पुतला दहन कर नारेबाजी की।
शहर में नौगवां रेलवे क्रासिंग के निकट नौगवां पकड़िया बस्ती जाने वाले मार्ग पर काफी समय से पानी भरा हुआ है। दरअसल बस्ती से मंडी मार्ग पर आने वाले रास्ते की दोनों ओर बनी नालियों का पानी मुख्य नाले में गिरता है लेकिन मंडी मार्ग पर रेलवे क्रासिंग तक स्थित बड़े-बड़े संस्थानों द्वारा नाले को पाटकर अथवा नाम मात्र का पाइप डालकर बंद कर दिया गया है, जिससे बस्ती का पानी नहीं निकल पा रहा है। जलनिकास न होने से बस्ती जाने वाले मार्ग पर पानी भरा हुआ है। बस्ती के लोगों ने कई तहसील दिवस और डीएम से व्यक्तिगत रूप से मिलकर भी समस्या का ज्ञापन सौंपा लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। इससे नाराज बस्ती के लोगों ने रविवार को पानी में खड़े होकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और सीडीओ का पुतला फूंका। पुतला फूंकने और प्रदर्शन करने वालों में भानु प्रताप सिंह, रोहित शर्मा, रूपलाल शर्मा, माया पांडेय, इंद्रपाल, दीपक, बबलू, राम खिलावन, महेंद्र, कुलदीप गुप्ता, मुनेद्र गंगवार, राहुल, सत्यवीर सहित कई लोग रहे।