भाकियू कार्यकर्ताओं ने गन्ना खरीद केंद्रों पर घटतौली होने, बकाया गन्ना मूल्य भुगतान न होने आदि समस्याओं के विरोध में चीनी मिल गेट पर धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा।
भाकियू के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष मंजीत सिंह के नेतृत्व में द किसान सहकारी चीनी मिल गेट पर एकत्र हुए भाकियू कार्यकर्ताओं ने गन्ना खरीद केंद्रों पर घटतौली, पिछले साल का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान न होने आदि के विरोध में धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन स्थल पर हुई सभा में कहा गया कि खेती में बढ़ती लागत से किसान पहले से ही परेशान हैं। फसलों का वाजिब मूल्य न मिलने, भ्रष्टाचार, बेइमानी से किसान को लूटा जा रहा है। गन्ना क्रय केंद्रों पर घटतौली हो रही है। इसे भाकियू बर्दास्त नहीं करेगी। घटतौली बंद न होने शीघ्र बकाया गन्ना मूल्य मय ब्याज के भुगतान न होने पडर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन तहसीलदार दिग्विजय सिंह को सौंपा। ज्ञापन में गन्ना का न्यूनतम मूल्य साढ़े तीन सौ रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने, किसानों को खेती के लिए वैज्ञानिक मार्ग दर्शन दिलवाने, गन्ना क्रय केंद्रों पर घटतौली और ठेकेदारों द्वारा प्रति ट्राली की जा रही वसूली पर रोक लगाने, भ्रष्ट कर्मचारियों को चिन्हित कर उनका स्थानांतरण अन्य मिलों को कराने, चीनी मिल की प्रेसमड (मैली) की बिक्री कोयला निर्माण इकाइयों को बिक्री से रोक लगाकर किसानों को खेती के लिए उसे उचित मूल्य पर दिलवाने, बकाया गन्ना मूल्य का ब्याज सहित भुगतान कराने, चीनी मिल की पेराई क्षमता बढ़वाकर एक लाख क्विंटल प्रतिदिन कराने की मांग की गई है।
धरना स्थल पर हुई पंचायत की अध्यक्षता भाकियू के जिलाध्यक्ष सतविंदर सिंह कहलो ने और संचालन तहसील अध्यक्ष सुल्तान खां ने किया। पंचायत में वेदप्रकाश शर्मा, स्वराज सिंह, डॉ. हरपूर सिंह, मनवीर सिंह, रामकुमार पांडेय, रामकुमार प्रजापति, अजमेर सिंह, जिनिन कुमार आदि भाकियू कार्यकर्ता थे।