फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बैलेट पेपर फटा पड़ा मिला तो गुस्साए भाजपाइयों ने किया हंगामा, एक घंटे बाधित रही मतगणना

विज्ञापन
विज्ञापन
पीलीभीत/बरखेड़ा। सहकारी ग्राम विकास बैंक प्रतिनिधि के चुनाव में मतगणना स्थल पर फटा हुआ बैलेट पेपर मिलने के बाद भाजपा नेताओं ने हंगामा कर दिया। बीडीओ बरखेड़ा पर मोटी रकम वसूलकर दूसरे प्रत्याशी को जिताने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए मतगणना रुकवा दी। एडीएम, एसडीएम के पहुंचने पर किसी तरह मामला शांत कराया गया। एक घंटे बाधित रहने के बाद मतगणना शुरू कराई गई। उधर, भाजपा विधायक कार्यकर्ताओं समेत बीडीओ के निलंबन की मांग को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात करने निकल गए थे। अंत में एडीएम-एएसपी की मौजूदगी में मतगणना संपन्न कराई गई।
विज्ञापन

सहकारी ग्राम विकास बैंक के चुनाव में बरखेड़ा में दो प्रत्याशी थे। लाखनलाल वर्मा को सपा नेता समर्थन कर रहे थे, जबकि दूसरे प्रत्याशी दीनानाथ के पक्ष में भाजपाई लगे थे। मतदान की प्रक्रिया के दौरान दिन भर छिटपुट झड़प होती रहीं। दोपहर में मतगणना शुरू की गई। इस बीच मतगणना कक्ष में दीनानाथ को दिए गए वोट का एक बैलेेट पेपर फटा पड़ा मिला। ये देख भाजपाई गुस्सा गए। मतगणना परिसर में पहुंचकर बीडीओ बरखेड़ा पर दूसरे प्रत्याशी को जिताने की कोशिश करने का आरोप लगाया। भाजपा विधायक बरखेड़ा किशनलाल राजपूत भी पहुंच गए। मतगणना कार्य रोक दिया गया। बीडीओ के निलंबन की मांग पर अडिग भाजपाइयों से तीखी नोकझोंक भी हुई। इसकी सूचना मिलने पर पहले एसडीएम बीसलपुर चंद्रभानु सिंह मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों से बातचीत कर जानकारी की। करीब एक घंटे तक मतगणना रुकी रही। फिर अधिकारियों ने अपनी मौजूदगी में मतगणना शुरू कराई। उधर, विधायक अन्य समर्थकों को लेकर शिकायत उच्चाधिकारियों से करने की बात कहकर निकल गए। कुछ देर बाद एडीएम न्यायिक देवेंद्र प्रताप मिश्र, एएसपी डॉ.पवित्र मोहन त्रिपाठी भी मतगणना स्थल पर आ गए और मतगणना संपन्न होने तक रुके रहे। उधर, ये भी चर्चा है कि मतगणना कक्ष में हंगामा करने को लेकर कानूनी कार्रवाई कराई जा सकती है।
लाखनलाल वर्मा ने 174 वोट से दर्ज की जीत
बरखेड़ा में कुल वोट 1832 थे। इसमें से 689 ने मतदान किया था। 32 वोट कैंसिल किए गए। एक मतपत्र पेटी में कम निकला। लाखनलाल वर्मा को 415 वोट, जबकि दीनानाथ को 241 वोट मिल सके। लाखनलाल वर्मा ने 174 वोटों से जीत दर्ज की है। इससे पूर्व पीलीभीत में तुलाराम लोधी, जहानाबाद में विशंबर दयाल, अमरिया में संजीव गुप्ता, पूरनपुर में बलिहार सिंह, बीसलपुर में दीनदयाल निर्विरोध निर्वाचित हो गए थे।सभी को प्रमाण पत्र दे दिए गए।
विज्ञापन

अगर आरओ से किसी तरह की शिकायत थी तो मतदान से पूर्व मिलकर शिकायत दर्ज कराई जानी चाहिए थी। मगर ऐसा नहीं किया गया। अगर किसी पक्ष को भेदभाभव या फिर कोई अन्य शिकायत है, तो वह निर्वाचन प्रक्रिया के तहत आगे कार्रवाई कर सकता है। - देवेंद्र प्रताप मिश्रा, एडीएम न्यायिक
मेेरे स्तर से किसी तरह की गड़बड़ी नहीं की गई। जो मतपत्र फटा पड़ा मिला था, वह मतपेटी में डाला ही नहीं गया। निष्पक्ष तरीके से चुनाव संपन्न कराया है। लगाए गए आरोप गलत हैं। - सुनील कुमार जायसवाल, रिटर्निंग ऑफिसर, बीडीओ बरखेड़ा
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें