पूरनपुर क्षेत्र में शारदा नदी के पार कबीरगंज समिति में धरना देते किसान।स्रोत:किसान
पूरनपुर। किसानों को खाद वितरित करने को लेकर भाजपा नेता की जिला सहायक निबंधक (एआर) सहकारिता प्रदीप कुमार से मोबाइल फोन पर कहासुनी हो गई। एआर पर अभद्रता करने का आरोप लगाकर भाजपा नेता किसानों के साथ कबीरगंज समिति परिसर में ही धरने पर बैठ गए। मामले की शिकायत मिलने पर डीएम ने रात में ही एआर को प्रदर्शनकारियों से बात करने के लिए गांव जाने के निर्देश दिए। देर रात बातचीत के बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त कर दिया।
साधन सहकारी समिति पर मंगलवार को कुछ किसान खाद लेने पहुंचे थे। किसानों को समिति के सचिव ने 10 एकड़ जमीन पर तीन बैग खाद देने के लिए कहा। किसानों का कहना था कि जमीन में बोया गया गन्ना शारदा नदी की भेंट चढ़ गया, लागत भी नहीं मिली। अब लगाई गई फसल के लिए खाद नहीं मिल रही, उन्होंने पर्याप्त खाद देने के लिए कहा।
सचिव ने नियमानुसार ही खाद ही मिलने की जानकारी किसानों को दी। इस पर किसानों ने भाजपा के जिला प्रभारी सुभाष श्रीवास्तव को मौके पर बुलाया। उन्होंने एआर सहकारिता से बात की। सुभाष श्रीवास्तव का आरोप है कि बातचीत के दौरान एआर ने उनके साथ अभद्रता की। इसको लेकर वह धरने पर बैठ गए। क्षेत्र के कई गांवों के ग्राम प्रधान व अन्य लोग भी धरनास्थल पर जुट गए।
जानकारी पर डीएम ने एआर को मौके पर भेजा। बातचीत के बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त कर दिया। प्रदर्शन करने वालों में शमशेर आलम, हरदेव सिंह, मुकेश, राधेश्याम, सुखम, परमजीत सिंह, संपूर्णानगर चीनी मिल के उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह बटन आदि शामिल रहे। एआर सहकारिता प्रदीप कुमार ने बताया कि उन्होंने कोई अभद्रता नहीं की। मोबाइल पर नियमानुसार खाद ही मिलने की जानकारी दी थी।