पीलीभीत। पीलीभीत-बहेड़ी सीट पर भाजपा जिलाध्यक्ष और नगर पालिकाध्यक्ष अपने ही बूथों पर जितिन प्रसाद के पक्ष में वोट नहीं डलवा पाए।
जहां नेहरू इंटर कॉलेज गुलड़िया भिंडारा के दो बूथों पर इंडी गठबंधन का हिस्सा सपा प्रत्याशी भगवत सरन गंगवार का कब्जा रहा तो नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल भी अपने बूथ पर जितिन के पक्ष में मतदान नहीं करा पाईं।
जिले की लोकसभा सीट पर पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान हुआ था। इसमें सदर विधानसभा क्षेत्र में कुल 380 बूथ बनाए गए थे। इन बूथों पर कुल 236544 वोट पड़े। इनमें से 101969 वोट सपा के भगवत सरन गंगवार तो
120263 वोट भाजपा के जितिन प्रसाद के पक्ष में पड़े।
ग्राम पंचायत गुलडिया भिंडारा के नेहरू इंटर काॅलेज में चार बूथों पर मतदान हुआ। इसमें से कक्ष संख्या एक में 727 वोट पड़े। इसमें सपा प्रत्याशी के पक्ष में एकतरफा 641 वोट पड़े जबकि जितिन प्रसाद को सिर्फ 66 वोट मिल सके। वहीं कक्ष संख्या दो में 353 वोट सपा के खाते में तो 238 वोट भाजपा के खाते में गए। बता दें इन दोनों बूथों को जिम्मेदारी भाजपा जिलाध्यक्ष के पास थी।
इसी प्रकार नगर पालिकाध्यक्ष को न्यू चुंगी मालगोदाम कक्ष संख्या एक की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन वह यहां भाजपा के पक्ष में माहौल नहीं बनवा पाईं। यहां जितिन प्रसाद को 195 तो भगवत सरन गंगवार को 448 वोट मिले। इस संबंध में जब पालिकाध्यक्ष का पक्ष जानने की कोशिश की गई तो उनका फोन नहीं उठा।
दोनों बूथों पर हर चुनाव में भाजपा को कम वोट मिलते हैं, बावजूद इसके इस बार 200 वोट अधिक मिले। इसमें काफी संख्या में मुस्लिमों के वोट भी शामिल रहे।
-संजीव प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष, भाजपा