दो दिनों से सोशल मीडिया पर जिले की चारों विधानसभा सीटों से भाजपा प्रत्याशियों के तय होने की खबर वायरल होने से राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। हालांकि पार्टी के जिम्मेदार नेता इन खबरों को कोरी अफवाह बता रहे हैं। शुक्रवार को भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश गंगवार ने मीडिया को बयान जारी कर सोशल मीडिया पर जारी प्रत्याशियों की सूची को फर्जी बताया।
विधानसभा चुनाव में प्रमुख दलों की बात करें तो भाजपा को छोड़ लगभग सभी पार्टियों ने अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। भाजपा के पत्ते न खुलने से असमंजस की स्थिति बनी हुई है। भाजपा में हरेक सीट पर कई-कई दावेदार हैं। सभी अपना टिकट पक्का होने का दावा भी कर रहे हैं।
बृहस्पतिवार देरशाम व्हाट्सएप और फेसबुक पर जिले की चारों विधानसभाओं के भाजपा प्रत्याशियों के नाम घोषित होने की खबरें वायरल होने लगीं। पार्टी नेताओं के साथ मीडिया कर्मियों के मोबाइल पर भी लोग जानकारी करने में जुट गए। लगातार चल रहीं इन खबरों का शुक्रवार को जिलाध्यक्ष सुरेश गंगवार ने खंडन करते हुए बताया कि भाजपा की अभी तक कोई सूची जारी नहीं हुई है। पार्टी प्रत्याशियों की सूची प्रदेश स्तर पर एक साथ जारी होगी। कुछ लोग ऐसा करके झूठी शोहरत बटोरने का प्रयास कर रहे हैं, जो गलत है। उन्होंने इसकी रिपोर्ट प्रदेश मुख्यालय भेज दी है।