बिना अनुमति दौड़ रहा भाजपा प्रत्याशी का प्रचार वाहन सीज
आदर्श आचार संहिता का पालन कराने को लेकर कराई जा रही चेकिंग के दौरान सचल दल की टीम ने खकरा चौकी के पास भाजपा प्रत्याशी संजय सिंह गंगवार का बिना अनुमति दौड़ रहा प्रचार वाहन सीज कर दिया। बुधवार को खकरा चौकी पर जिला क्रीड़ाधिकारी शमीम अहमद के नेतृत्व में प्रशासन का सचल दल वाहनों की चेकिंग कर रहा था। इसमें एसआई रहमत खां भी मौजूद थे। कई गाड़ियों को चेक करने के बाद पुलिस ने खकरा की ओर जा रहे सदर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी संजय सिंह गंगवार के प्रचार वाहन को रोका। चेकिंग करने पर बिना अनुमति प्रचार वाहन में लाउड स्पीकर प्रयोग व बड़े-बड़े फ्लैक्स लगे मिले। इस पर प्रचार वाहन को सीज कर कोतवाली में खड़ा करा दिया गया।
सर्व संभाव पार्टी के प्रत्याशी पर मुकदमा दर्ज
बिलसंडा। बंडा रोड पर खन्नौत चेक पोस्ट पर सचल दल ने चेकिंग के दौरान मंगलवार रात एक कार को रोककर चेकिंग की। पूछताछ में कार सर्व संभाव पार्टी से शाहजहांपुर जिले की तिलहर विधानसभा सीट से प्रत्याशी राजेश यादव की निकली। चेक करने पर कार से पार्टी प्रत्याशी की प्रचार सामग्री बरामद हुई। एसओ विवेक त्रिवेदी ने बताया कि प्रचार सामग्री बरामद होने पर वाहन सीज कर प्रत्याशी राजेश यादव के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया गया है।