हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर किसान की मौत
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर 35 वर्षीय किसान अनिल सिंह की मौत हो गई। वहीं कुछ ही दूरी पर एक ट्रक चालक बिजली का करंट लगने से झुलस गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। कस्बे के रहने वाले अनिल सिंह बुधवार दोपहर खेत पर फसल की सिंचाई करने गए थे। इस बीच खेत के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के झूलते तारों की चपेट में आ गए, जिससे गंभीर रुप से झुलस गए। उसकी चीख सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग दौड़कर पहुंचे और अनिल को बमुश्किल बचाया। पता लगने पर कुछ ही देर में परिजन मौके पर पहुंच गए। परिवार वाले अनिल को इलाज के लिए पीलीभीत ले जा रहे थे। मगर रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिवार वालों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। अनिल के तीन पुत्री व एक पुत्र है। इधर, कस्बे वासियों ने हादसे के पीछे बिजली विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराते हुए झूलते तारों को ठीक कराने की मांग की है।