डीएम मासूम अली सरवर ने समग्र गांव बिथरा का स्थलीय निरीक्षण किया और चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लेखपाल जगतवीर और ग्राम पंचायत अधिकारी विजय तिवारी की सर्वाधिक शिकायतें मिलीं। इस पर डीएम ने दोनों को सस्पेंड कर दिया। साथ ही गांव में अधूरे विकास कार्यों पर नाराजगी व्यक्त की और पूर्व प्रधान को 31 जनवरी तक काम पूरा कराने के निर्देश दिए।
विकास कार्यों का सत्यापन करने डीएम शनिवार को दोपहर बाद मरौरी ब्लाक के गांव बिथरा पहुंचे। यहां उन्होंने गांव का भ्रमण कर सीसी रोड, ड्रेन, इंदिरा आवास, लोहिया आवास, शौचालयों आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गरीबों और झुग्गी झोपड़ी वालों से बातचीत कर विकास की हकीकत जानी। गांव में भ्रमण के बाद जूनियर हाईस्कूल मैदान में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने लेखपाल और ग्राम पंचायत अधिकारी पर गांव में कभी कभार आने, छोटे मोटे काम के बदले घूस मांगने आदि कई शिकायतें कीं। इस पर डीएम ने लेखपाल और ग्राम पंचायत अधिकारी को सस्पेंड कर दिया। ग्रामीणों की शिकायत पर उन्होंने बिजली के ढीले तारों को ठीक कराने और टूटे पोल बदलवाने के निर्देश दिए। निरीक्षण में सीडीओ इंद्रदेव द्विवेदी, डीडीओ एके सिंह चंद्रौल, डीसीओ राजेश्वर यादव, कृषि उपनिदेशक एके सिंह, अधिशासी अभियंता लोकेंद्र बहादुर सिंह, नीरज कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।