बीसलपुर। कंपनी से ऑपरेटर आ जाने से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले छह माह से शोपीस बनी बायो-केमिस्ट्री मशीन के जल्द चलने के आसार बन गए हैं। जल्द ही इसका संचालन शुरू करा दिया जाएगा।
लगभग छह माह पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाखों रुपये कीमत की बायो-केमेस्ट्री मशीन लाई गई थी। इस मशीन से 14 प्रकार की जांचें हो सकती हैं। बावजूद इसके मशीन को इंस्टॉल करने और संचालन की जानकारी देने के लिए कंपनी की ओर से कोई ऑपरेटर नहीं भेजा गया। इस वजह से मशीन का संचालन शुरू नहीं हो सका था।
जांचें न होने से सीएचसी आने वाले सैकड़ों मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ रहा था। 21 जून के अंक में छह माह से शोपीस बनी बायो-केमिस्ट्री मशीन, मरीज परेशान, शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया गया। समाचार प्रकाशित होते ही हरकत में आए विभागीय अधिकारियों ने संबंधित कंपनी से संपर्क साधा और तत्काल ऑपरेटर भेजने के लिए कहा।
उसके बाद मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मशीन को इंस्टॉल करने और संचालन की जानकारी देने के लिए कंपनी की ओर से ऑपरेटर अजीम हुसैन को भेजा गया। इसकी पुष्टि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के वरिष्ठ फार्मासिस्ट शशि भूषण राव ने की। वरिष्ठ फार्मासिस्ट ने बताया कि मशीन इंस्टॉल की जा रही है। जल्द ही जांचेें शुरू हो जाएंगी।