न्यूरिया। स्मार्ट मीटर लगने के बाद से ही उपभोक्ताओं के बिल बढ़कर आ रहे हैं। सैकड़ों में आने वाला बिजली बिल हजारों का आंकड़ा पार कर रहे हैं। शिकायत के बाद भी उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान नहीं हो रहा। उपकेंद्र पर आयोजित शिविर में भी राहत नहीं मिल रही।
मंगलवार को न्यूरिया बिजली उपकेंद्र पर एसडीओ दीपक कुमार के नेतृत्व में उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान के लिए शिविर लगा। इसमें बड़ी संख्या में उपभोक्ता अपनी बिजली संबंधी शिकायतें लेकर पहुंचे। इनमें अधिकांश शिकायतें स्मार्ट मीटर लगने के बाद से आ रहे अधिक बिल से संबंधित थीं। उपभोक्ताओं का कहना था कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल में बढ़ोतरी हुई है। कस्बे के शमशाद, विष्णु, कृष्णा मंडल, अजय, निरंजन, सलीम, कलीम, नरेंद्र समेत कई उपभोक्ताओं ने बिल में अनियमितता की शिकायत की।
फरवरी में स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिल बढ़कर आ रहे हैं। अप्रैल में 855, मई में 1086, जून में 1793 और जुलाई में 2423 रुपये का बिल आया। खपत पहले जैसी ही है।- अब्दुल हमीद
घर में सिर्फ दो पंखे और तीन एलईडी बल्ब जलते हैं। जून में 1400 रुपये और जुलाई में 1600 रुपये का बिल आया है। हर माह बढ़कर आने वाले बिल से डर लगता है। - निरंजन बाला
बिजली खपत जैसी पहले थी वैसी ही अब भी है, लेकिन मीटर बदलते ही बिल तीन गुना तक बढ़ गया है। विद्युत निगम को इसकी जांच करनी चाहिए, क्योंकि गरीब आदमी इतना बिल कैसे भरेगा।- कृष्णा
शिविर में स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतें आई थीं। शिकायतों की जांच कराई जाएगी। कुछ स्मार्ट मीटर प्रीपेड हो गए हैं। इससे उपभोक्ताओं में भ्रम की स्थिति है। - दीपक कुमार, एसडीओ
न्यूरिया उपकेंद्र पर शिविर में बिजली संबंधी शिकायत करते उपभोक्ता संवाद
न्यूरिया उपकेंद्र पर शिविर में बिजली संबंधी शिकायत करते उपभोक्ता संवाद
न्यूरिया उपकेंद्र पर शिविर में बिजली संबंधी शिकायत करते उपभोक्ता संवाद