पीलीभीत। टनकपुर हाईवे पर पति के साथ बाइक से जा रही महिला का कुंडल छीनकर बाइक सवार बदमाश फरार हो गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। सीसीटीवी रिकॉर्डिंग की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जहानाबाद क्षेत्र के कल्याणपुर चक्रतीर्थ गांव निवासी चुन्नीलाल ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार को वह पत्नी मायादेवी को लेकर बाइक से पुत्री के घर जा रहे थे। शाम के समय शहर के वनकटी मार्ग पर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत पहुंचते ही पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर बाइक पर पीछे बैठी पत्नी के कानों के कुंडल झपट्टा मारकर छीन लिए।
मायादेवी के चिल्लाने पर उसने बदमाशों को पकड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन वह भाग गए। पीड़ित ने बताया कि बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट लगा रखा था। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। सीओ दीपक चतुर्वेदी ने फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति को परखा और पीड़िता से जानकारी जुटाई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है। टीमें लगाई गई हैं, जल्द ही राजफाश किया जाएगा।