जहानाबाद। अवैध खनन की शिकायत से नाराज आरोपियों ने बाइक में टक्कर मारकर गांव बरहा विक्रम निवासी ग्रामीण को नीचे गिरा दिया। बाद में उसके साथ मारपीट कर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। आरोप है कि शिकायत पर थाना पुलिस ने कार्रवाई के बजाय समझौता करा दिया। अब एएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम बरहा विक्रम निवासी छत्रपाल ने एएसपी के आदेश पर दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि गांव के ही जसवंत उर्फ गुड्डू प्रधान और रॉबिन बड़े स्तर पर खनन करते हैं। उसने खनन की शिकायत अधिकारियों से की। इस बात पर आरोपी रंजिश मानने लगे थे। 27 मई 2025 को वह बाइक से पीलीभीत जा रहा था।
इस दौरान रम्पुरा मिश्र के निकट आरोपी कार से आए और उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे वह घायल होकर जमीन पर गिर गया। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। मोबाइल और बाइक की चाबी छीन ली। किसी तरह वह बचकर भागने लगा तो आरोपियों ने पीछा कर उसे फिर पीटा। जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया।
जहानाबाद पुलिस ने कार्रवाई के बजाय समझौता करा दिया। अब एएसपी के आदेश पर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। संवाद