पीलीभीत में शादी समारोह में जा रहे बाइक सवार दंपती और पुत्री कार की चपेट में आकर घायल हो गए। सीएचसी के बाद जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने पिता-पुत्री को मृत घोषित कर दिया, जबकि महिला की हालत गंभीर है। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भाग गया।
हादसा हरिद्वार नेशनल हाईवे पर अमरिया कस्बे के जश्न शादी हॉल के पास रविवार रात करीब आठ बजे हुआ। क्षेत्र के गांव बड़ापुरा निवासी शमशेर खां (45) अपनी पत्नी नसीम बेगम (40) और पुत्री कशिश (18) के साथ बरेली के अरसिया बोझ गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने बाइक से जा रहे थे।
सीएचसी पर नहीं थे चिकित्सक
अमरिया कस्बे के निकट बाइक कार की चपेट में आ गई। हादसे में दंपती और उनकी पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर थाना पुलिस पहुंच गई। इसके बाद तीनों को सीएचसी भेजा गया। बताया जाता है कि सीएचसी पर चिकित्सक न होने से तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां पिता-पुत्री को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
महिला का गंभीर हालत में उपचार शुरू किया गया। हादसे के बाद कार का टायर फट गया। बावजूद इसके चालक कार लेकर करीब दो किलोमीटर तक भागा। इसके बाद आगे न बढ़ने पर वह कार छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने कार को कब्जे में लिया है। थाना प्रभारी प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मामले में तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उधर, हादसे के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था।