बरखेड़ा (पीलीभीत)। साथी के साथ बाइक से घर जा रहे युवक की बरखेड़ा-नवाबगंज मार्ग पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। साथी की हालत गंभीर है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
बरेली जिले के थाना क्योलड़िया के गांव अब्दला निवासी भगीरथ (25) अपने साथी उमाशंकर के साथ बुधवार की रात करीब नौ बजे बाइक से घर जा रहे थे। बरखेड़ा-नवाबगंज मार्ग पर देवहा नदी पुल के पास उनकी बाइक पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने भगीरथ को मृत घोषित कर दिया। उमाशंकर का इलाज चल रहा है। मृतक भगीरथ मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता था। पोस्टमॉर्टम के बाद मृतक का शव गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया।