कलीनगर। शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे बाइक सवार की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। पीछे से आए अन्य रिश्तेदारों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पूरनपुर सीएचसी ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसा सोमवार शाम करीब सात बजे माधोटांडा क्षेत्र के कलीनगर पूरनपुर मार्ग पर चित्तपुर गांव के पास हुआ। गांव चांदूपुर निवासी शिव कुमार (54) पुत्र चंद्रपाल रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए चित्तपुर गांव निकट स्थित एक मैरिज हाल में आए थे।
समारोह में शामिल होने के बाद वह कलीनगर- पूरनपुर मार्ग से होकर बाइक पर सवार होकर गांव लौट रहे थे। इस दौरान चित्तपुर गांव के निकट ही बाइक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई।
हादसे में वह गंभीर घायल हो गए। कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई। पीछे से रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से सीएचसी पूरनपुर ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अशोक पाल ने बताया कि अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत हुई है। मामले में तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।