गजरौला। पूरनपुर-पीलीभीत हाईवे पर गजरौला थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात किसी वाहन की चपेट में आने से बाइक चालक की मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिसकर्मियों ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवा दिया।
कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला बुजकसवान निवासी मोहम्मद तहसीम (35) सोमवार को बाइक से पलिया गए थे। वापसी में पूरनपुर-पीलीभीत हाईवे पर गजरौला थाना क्षेत्र में माला मोड़ के पास वह किसी वाहन की चपेट में आ गए। तहसीम की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर गई पुलिस ने परिजनों को सूचित किया।
पोस्टमॉर्टम हाउस पर परिजनों ने बताया कि तहसीम की पत्नी और बेटी की पहले ही मौत हो चुकी है। हादसे से परिजन गमगीन हैं। थाना प्रभारी जगदीप सिंह मलिक ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। वाहन का पता किया जा रहा है। संवाद