- ट्रिपल साइडिंग का मामला, छह लोग घायल
गांव कैचुआ के पास ट्रिपल राइडिंग कर रहे बाइक सवार ने एक-एक कर चार साइकिलों में टक्कर मार दी। हादसे में एक साइकिल सवार बिलसंडा निवासी मजदूर 35 वर्षीय जरीफुद्दीन की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार तीनों युवक सहित छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से तीन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसा शनिवार की रात करीब 11 बजे बीसलपुर मार्ग पर हुआ। बीसलपुर में गुड्डू बेग के डिपो से काम कर चार मजदूर अलग-अलग साइकिलों से घर आ रहे थे। ईंटगांव से बीसलपुर की ओर तीन लोगों को बैठाकर जा रहे बाइक सवार ने एक-एक कर चारों साइकिलों में टक्कर मार दी। इसमें साइकिल सवार बिलसंडा निवासी जरफुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नजरुद्दीन, जिलानी और मुरव्वत हसन घायल हो गए। हादसे में बाइक चालक ईंटगांव निवासी विवेक, बाइक पर पीछे बैठा उसका साथी राजू घायल हो गया, जबकि एक अन्य को मामूली चोटें आईं। वह मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस 108 सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने जिलानी, विवेक और राजू की हालत गंभीर होने पर तीनों को पीलीभीत जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जरफुद्दीन के हैं छह बच्चे
मजूद जरफुद्दीन की मौत की खबर पाकर उसके परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने बाइक चालक विवेक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जरफुद्दीन के छह बच्चे हैं। इनमें चार पुत्रियां 10 वर्षीय मैविश, चार वर्षीय सुहानी, दो वर्षीय करिश्मा, एक वर्षीय करीना और दो पुत्र पांच वर्षीय इकलास व तीन वर्षी इलियास हैं। उसकी पत्नी रिहाना और मां-बाप को छह बच्चों की चिंता सता रही है।