बुजुर्गों की दौड़ में हरविंदर सिंह जीते
विधायक पीतमराम ने बांटे पुरस्कार
खालसा क्लब के तत्वावधान में चल रही दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का मंगलवार को पुरस्कार वितरण के साथ समापन हो गया। कबड्डी में हिसार की टीम ने बाजी मारी।
ट्रांस शारदा क्षेत्र के कबीरगंज के पंजाब फार्म में चल रहे खेलकूद में दूसरे दिन भी विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं। बालक वर्ग की ऊंची कूद में हीरालाल, इश्मन, जयकांत, बालिका वर्ग में अनुष्का, मंजू, ज्योति, दस से 15 वर्ष आयु वर्ग में गुरदीप, उत्कर्ष, सिमरनजीत, ओपन ऊंची कूद में अरुन, नौसर अली, सुखदेव सिंह, लंबी कूद बालिका वर्ग में मंजू, ज्योति, संगीता ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। बुजुर्गों की सौ मीटर दौड़ में हरविंदर सिंह ने प्रथम जबकि गुरमेल सिंह और रामबहादुर ने क्रमश: द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग की सौ मीटर दौड़ में मंजू, ज्योति, संगीता, रोटी बनाने की 11 से 15 वर्ष आयु वर्ग की प्रतियोगिता में सिमरन कौर, अपर्णा, जसप्रीत, पांच से छह वर्ष आयु वर्ग में अमनप्रीत कौर, मंदीप कौर, जसदीप कौर, बोरा रेस बालक वर्ग में जयराज, प्रतिपाल, अमरप्रीत, बालिका वर्ग में मंजू, ज्योति, अनुष्का, पगड़ी बांधना में प्रभजोत सिंह, मनिंदर सिंह, जगप्रीत सिंह ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान पाया।
कबड्डी में मिरी पीरी खालसा एकेडमी हिसार विजेता और बाबा बूढ़ा सिंह संतू नगला पंजाब की टीम उपविजेता रही। इससे पूर्व मंजर हिदुंस्तानी और ज्योति ने बुलेट बाइक से तमाम हैरतअंगेज कारनामे दिखाए। इसके अलावा रस्साकशी, फुटबाल आदि प्रतियोगिताएं भी र्हुइं। समापन पर विधायक पीतमराम ने क्लब की ओर से कबड्डी की विजेता टीम को 51 हजार और उपविजेता टीम को 21 हजार का नकद पुरस्कार दिया। बाकी विजेता खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर सपा नेता जरनैल सिंह जैली, गुरपाल सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य परमिंदर सिंह, प्रधान हरजिंदर सिंह, इकबाल सिंह, बलजीत सिंह, एसओ जसपाल सिंह ग्वाल, गुरदीप सिंह, सोनू आदि मौजूद रहे।