पूरनपुर (पीलीभीत)। रुरिया के खालसा गुरुद्वारा गेट के पास लगाया गया फ्लैक्स बुधवार रात अज्ञात लोगों ने फाड़कर गायब कर दिया। इस पर गुरुद्वारे में एकत्र हुई सिख संगत ने पुलिस पर फ्लैक्स को फाड़कर गायब करने और बेअदबी का आरोप लगाया। इससे पहले इसके विरोध में गुरुद्वारे में एकत्र होने का ऑडियो मैसेज भी व्हाट्सएप ग्रुप पर वायरल हुआ। धरना-प्रदर्शन की आशंका में एटीएस, विभिन्न खुफिया एजेंसियां, पुलिस सतर्क रही। एएसपी और सीओ सिटी पूरे दिन कोतवाली में डेरा जमाए रहे।
असम हाईवे पर गांव रुरिया के समीप खालसा गुरुद्वारे के गेट के पास आतंकी जरनैल सिंह भिंडरावाले की फ्लैक्स पांच-छह दिन पहले लगाया गया था। जानकारी पर रविवार को सीओ आलोक सिंह के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने फ्लैक्स को हटवाने की कोशिश की, लेकिन एकत्र हुए सिख समाज के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया था।
जिस पर पुलिस लौट आई थी। इसके बाद चेतावनी के बावजूद फ्लैक्स न हटाने पर पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। इसी क्रम में बुधवार की रात फ्लैक्स फाड़कर किसी ने गायब कर दिया। जिसके विरोध में सिख संगत के गुरुद्वारे में एकत्र होने का ऑडियो वायरल हुआ। कुछ लोग बृहस्पतिवार को गुरुद्वारा में एकत्र भी हुए।
जिन्होंने पर पुलिस पर फ्लैक्स को फाड़कर गायब करने का आरोप लगाया। ऐसे में पूरे घटनाक्रम को लेकर धरना-प्रदर्शन की आशंका में एटीएस, विभिन्न खुफिया एजेंसियां सतर्क रहीं। एएसपी विक्रम दहिया, सीओ सिटी प्रतीक दहिया कोतवाली में डेरा जमाए रहे।
फ्लैक्स को चोरी से फाड़कर गायब करने से संगत में रोष है। पुलिस प्रशासन कहता कुछ और करता कुछ और है। संगत समस्या का हल निकालने की कोशिश कर रही थी कि अगले दिन पुलिस ने गुरुद्वारे की संस्थापक सहित कई लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। वार्ता से समस्या का हल निकालना चाहिए था।
- रंजीत सिंह, प्रधान, गुरुद्वारा श्री सिंह सभा, पूरनपुर
पुलिस क्यों फ्लैक्स फाड़ेगी या गायब करेगी। गलत ढंग से फ्लैक्स लगाया गया था, जिसको हटाने की चेतावनी भी दी गई थी। धरना-प्रदर्शन की आशंका को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
- विक्रम दहिया, एएसपी पीलीभीत