संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। भाकियू (अराजनीतिक) ने मंडी के कुछ खरीद केंद्रों को छोड़कर अन्य पर खरीद शुरू न होने, मंडी में नीलामी से धान की खरीद न होने, पंजीकरण को वेबसाइट न चलने के विरोध में मंडी समिति गेट में तालाबंदी कर दो घंटे तक धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने समस्याओं का समाधान न होने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी।
बुधवार दोपहर डेढ़ बजे भाकियू ने धान खरीद शुरू न होने सहित अन्य समस्याओं के विरोध में मंडी गेट में तालाबंदी कर धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने डीएम को संबोधित पांच सूत्री ज्ञापन एसडीएम को भेजा। ज्ञापन में कहा गया कि धान खरीद ठप है। इससे किसानों को घोषित समर्थन मूल्य नहीं मिल पा रहा है। मंडी समितियों में नीलामी प्रक्रिया से धान खरीद नहीं कराई जा रही है। अधिकांश राइस मिलर सीधी खरीद कर अवैध कटौतियों के साथ औने-पौने दामों में धान की खरीद कर रहे हैं। वेबसाइट न चलने से धान बिक्री का पंजीकरण नहीं हो पा रहा है। मंडी समिति के बाहर के खरीद केंद्रों पर कहीं भी धान खरीद केंद्रों पर धान की खरीद नहीं हो रही है। ज्ञापन में समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई। धरना प्रदर्शन में भाकियू के जिलाध्यक्ष मंजीत सिंह, बलजीत सिंह, बालकराम, गुरजंट सिंह, परमजीत सिंह, सर्वेश वर्मा, भूपराम, प्रकट सिंह आदि थे।
बुधवार को मंडी के खरीद केंद्रों के निरीक्षण में कई खरीद केंद्रों पर खरीद शुरू न होने, मंडी परिसर में आढ़तियों के धान के ढेर फैले होने पर मंडी सचिव को खरीद शुरू कराने, आढ़तियों के लगे ढेरों को हटवाने के निर्देश दिए गए। शाम को मंडी के अधिकांश खरीद केंद्रों पर खरीद शुरू होने की जानकारी मंडी कर्मियों ने दी है। देहात के खरीद केंद्रों को भी दिखवाया जाएगा।
- मयंक गोस्वामी, एसडीएम
पूरनपुर मंडी समिति के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर धरना देकर प्रदर्शन करते भाकियू कार्यकर्ता -संवाद
पूरनपुर मंडी समिति के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर धरना देकर प्रदर्शन करते भाकियू कार्यकर्ता -संवाद