कलीनगर। तहसील क्षेत्र के गभिया सहराई बंगाली कॉलोनी में चल रहे दुर्गा पूजा मेले में महानवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं और दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। दिनभर मूर्तियों की पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण का सिलसिला चलता रहा। रात में बंगाली कलाकारों की ओर से प्रस्तुत बांग्ला नाटक राखल बंधु ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
गांव में दुर्गा पूजा के चलते कॉलोनी में भव्य साज-सज्जा की गई है। मुख्य मार्ग पर रोशनी की विशेष व्यवस्था और मंदिर की आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं का मन मोह रही है। महानवमी के दिन सुबह से ही स्थानीय लोगों के साथ दूर-दराज से आए श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे। मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता कालीपद गाइन की देखरेख में कॉलोनी की महिलाओं और पुरुषों ने पूरे दिन श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा। रात्रि को आयोजित बांग्ला नाटक राखल बंधु ने सांस्कृतिक रंग भर दिए। बाहर से आई बंगाली पार्टियों के कलाकारों की इस प्रस्तुति को दर्शकों ने सराहनीय प्रशंसा दी।
मेले में न केवल बंगाली समाज के लोग बल्कि क्षेत्र की अन्य जातियों के लोग भी पूरे उत्साह से शामिल हुए। मेला कमेटी के वर्तमान और पूर्व पदाधिकारी व सदस्य लगातार आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय दिखाई दिए। श्रद्धालुओं का कहना था कि पूजा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मेले की रौनक और बढ़ा दी है। दो अक्तूबर को दशहरा पूजा और मुहूर्त विसर्जन का आयोजन होगा। रात में एक और बांग्ला नाटक प्रस्तुत किया जाएगा, इसकी तैयारी समिति ने पूरी कर ली है।