रेलवे जंक्शन पर प्रस्तावित प्लेटफार्म का निर्माण शुरू हो गया है। इसके लिए मौजूदा प्लेटफॉर्म की कटिंग की जा रही है। ओंकारा क्रेन को धरोहर के रूप में सहेजने के लिए उसका प्लेटफार्म भी बनाया जा रहा है।
यहां ब्राडगेज कंवर्जन का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। रेलवे जंक्शन को भी ब्राडगेज के मुताबिक तैयार किया जा रहा है। मुख्य प्लेटफॉर्म के सामने मीटरगेज को उखाड़कर उसके स्थान पर वाशिंग एप्रिन बनाया जा रहा है। वाशिंग एप्रिन के ऊपर ही ब्राडग्रेज लाइन बिछाई जाएगी। इधर, मंगलवार से प्रस्तावित मुख्य प्लेटफार्म का काम भी शुरू कर दिया गया। इसके तहत वर्तमान प्लेटफार्म नंबर दो के अगले हिस्से की पांच फिट तक कटिंग शुरू कर दी गई है। यह कार्य जेसीबी से किया जा रहा है।
000
ओंकारा क्रेन को मिलेगी स्थाई जगह
मीटरगेज की ओंकारा क्रेन को धरोहर के रूप में सहेज कर रखने के लिए इसे रेलवे स्टेशन परिसर में स्थापित किया गया था। दिसंबर माह में अस्थाई रेल पटरिया बिछाकर उसे निश्चित स्थान पर पहुंचाकर इसे रंगरोगन कर भव्य रूप भी दिया गया, लेकिन निरीक्षण के दौरान यहां पहुंचे जीएम राजीव मिश्र ने क्रेन रखने की जगह को लेकर कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे हटाकर किसी अन्य स्थान पर रखने के निर्देश दिए। इधर, मंगलवार से रेलवे स्टेशन के बाहर स्थान का चयन कर क्रेन को वहां स्थापित करने के लिए प्लेटफार्म बनाने का काम भी शुरू कर दिया गया है।