समग्र गांव मानपुर मरौरी में डीएम द्वारा विकास कार्यों के निरीक्षण का कार्यक्रम अचानक निरस्त हो जाने से वहां की गईं तैयारियां धरी रह गईं।
डीएम मासूम अली सरवर को मंगलवार को तहसील दिवस के बाद समग्र गांव मानपुर मरौरी में विकास कार्यों का निरीक्षण करना था। इसे लेकर सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) रूपलाल ने ब्लाक क्षेत्र के सभी सफाई कर्मचारियों को बुलाकर पूरे गांव की सफाई कराई। अधिकांश विभागों के ब्लाक स्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने गांव पहुंचकर अपने विभागों से संबंधित शिकायतों का भी निस्तारण कर दिया था। चौपाल के लिए शामियाना भी लगवा दिया गया। कुर्सियां डलवा दी गईं। प्राथमिक विद्यालय और सहकारी समिति में भी व्यवस्थाएं दुरुस्त करा दी गई थीं। मानपुर मरौरी के अलावा आसपास के तमाम गांवों के भी लोग वहां पहुंच गए थे। अचानक डीएम का कार्यक्रम निरस्त होने से ग्रामीण मायूस हो गए।