शहर निवासी 23 वर्षीय अमन गुप्ता ने द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टेड एकाउंटेंट (सीए) की मुख्य परीक्षा पास कर ली। अमन की इस सफलता पर उनके घर में उत्सव का माहौल है।
बीते शनिवार का दिन शहर के मोहल्ला फैजुल्ला खां निवासी हरिओम प्रकाश गुप्ता और आरती गुप्ता के लिए एक सौगात लेकर आया। उनके पुत्र अमन ने चार्टेड एकाउंटेंट की मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण कर ली। अमन ने इंटरनेट के जरिए मार्कशीट निकालकर जब माता-पिता को दिखाई तो सभी की खुशियों का ठिकाना न रहा। अमन ने बताया कि इंटरमीडिएट तक पढ़ाई चिरौंजीलाल वीरेंद्रपाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में की। इसके बाद कॉमर्स शिक्षक नारायण स्वरूप शर्मा के मार्गदर्शन में चार्टेड एकाउंटेंट की तैयारी शुरू की। इसके लिए पहले बरेली फिर दिल्ली में रहकर तैयारी की। वह अपनी इस सफलता का श्रेय माता-पिता और बड़ी बहिन प्राची गुप्ता को देते हैं। अमन की सफलता पर उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
बीसलपुर। नगर के मोहल्ला दुर्गा प्रसाद निवासी शुभम गुप्ता ने भी चार्टेड एकाउंटेंट की मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण की। गोपी टाकीज परिसर में हुए समारोह में शुभम का अभिनंदन कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई। इस मौके पर भाजपा के पूर्व नगराध्यक्ष अनूप गुप्ता, डॉ. कमलेश मोहन बाजपेई, हरबल्लभ गुप्ता, विशाल गुप्ता, अनिल कुमार, प्रबोध कुमार आदि मौजूद रहे।