बीसलपुर। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पीटकर घर से निकालने का आरोप लगाते हुए विवाहिता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला ग्यासपुर निवासी एक विवाहिता ने बुधवार को कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि आठ साल पूर्व उसका निकाह एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति के साथ हुआ था। आरोप है कि निकाह के बाद से ही ससुराल के लोग दहेज में 60 हजार रुपये और बाइक की मांग करने लगे।
मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित किया जाने लगा। कई बार विवाद होने के बाद समझौते के भी प्रयास हुए, लेकिन ससुराल के लोग मानने को तैयार नहीं हुए। आरोप है कि 17 जून को ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट की। गर्भवती होने के बाद भी उन्हें रहम नहीं आया। तीन तलाक की धमकी देकर घर से निकाल दिया गया। विवाहिता ने पुलिस को छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी है, जिस पर जांच शुरू हो गई है।