ब्लॉक प्रमुख चुनाव की तिथि भले ही अभी न घोषित हुई हो, लेकिन चुनाव लड़ने का मूड बना चुके अधिकांश प्रत्याशी क्षेत्र पंचायत सदस्यों (बीडीसी) की घेराबंदी करीब पूरी कर चुके हैं। बताते हैं कि कुछ बीडीसी सदस्यों के जीत के प्रमाण पत्र जमा कराकर पैकेज की रकम का कुछ हिस्सा भी थमा दिया गया है। अच्छे पैकेज मिलने से कई बीडीसी सदस्य खासे खुश हैं।
पूरनपुर ब्लॉक प्रमुख सीट पिछली बार अनुसूचित महिला जाति महिला के लिए आरक्षित थी। तब गिने चुने ही प्रत्याशी मैदान में थे। इस बार सीट पिछड़ी जाति महिला के लिए आरक्षित हो गई है। जिससे दावेदारों की संख्या पिछले साल की तुलना में अधिक होने की आशंका है। हालांकि अभी तक तीन प्रत्याशी चुनाव लड़ने को मैदान में कूद चुके हैं। तीनों प्रत्याशी अपनी जीत के लिए अधिकांश सदस्यों से संपर्क भी साध चुके हैं। राजनीतिक गलियारों की चर्चा पर अगर विश्वास करें तो इसमें से दो प्रत्याशियों ने कई बीडीसी को एक निर्धारित पैकेज बताकर कुछ रकम थमा दी है और उनके जीत के असली प्रमाण-पत्र ले लिए हैं, ताकि पैकेज होने के बाद वोटर दूसरे प्रत्याशी की शरण में न जा सके। इसके अलावा जिन वोटरों के प्रमाण पत्र जमा कराए गए हैं, उनको चुनाव के समय चल रहे पैकेज के अनुसार शेष रकम देने का भी वादा किया गया है। उधर, ब्लाक प्रमुख चुनाव में इस बार अच्छा पैकेज मिलने से कुछ बीडीसी सदस्य खुश है। हालांकि कुछ विकास आदि को लेकर वोट देने का मूड बनाए बैठे हैं।