अफसरों और लोगों पर रौब जमाने का भी लगा आरोप, शिकायत पर मामला दर्ज
बरखेड़ा। सदर विधायक एवं प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार का फर्जी प्रतिनिधि बनकर उनके नाम का कथित तौर पर दुरुपयोग करने के मामले में पुलिस ने निवर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य मो. आरिफ को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने राज्यमंत्री के प्रतिनिधि के तौर पर फर्जी लेटरपैड तैयार करा लिए।
शहर की संजय रॉयल पार्क कॉलोनी निवासी राज्यमंत्री के निजी सोशल मीडिया प्रभारी अनूप कुमार ने बरखेड़ा थाने में तहरीर देकर बताया कि ग्राम पौटा कला निवासी निवर्तमान बीडीसी सदस्य मो. आरिफ ने स्वयं को राज्यमंत्री का प्रतिनिधि बताते हुए फर्जी लेटरपैड बनवा लिए। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इन कागजात के माध्यम से वह अधिकारियों और आम लोगों के बीच अपनी पहुंच एवं प्रभाव दर्शाकर रौब जमाता था। साथ ही धोखाधड़ी कर रहा था।
तहरीर में कहा गया कि राज्यमंत्री ने मो. आरिफ को अपना प्रतिनिधि अधिकृत नहीं किया है। इसके बावजूद उनके नाम और प्रतिनिधि पद का उल्लेख करते हुए तैयार कराए गए लेटरपैड का दुरुपयोग। शिकायत के साथ कथित फर्जी लेटरपैड की फोटो प्रतियां भी पुलिस को सौंपी गई हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कथित तौर पर तैयार कराए गए लेटरपैड का इस्तेमाल कहां-कहां और किन उद्देश्यों के लिए किया गया है।
सीओ बीसलपुर राहुल पांडेय ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। थाना पुलिस को मामले की गहनता से जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद
-
मेरे नाम का दुरुपयोग करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ बरखेड़ा पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है।
- संजय सिंह गंगवार, सदर विधायक, राज्यमंत्री
आरोपी मो. आरिफ। स्रोत : पुलिस