जिले के पूरनपुर ब्लाक में क्षेत्र पंचायत सदस्य व जिला पंचायत सदस्यों की चुनाव प्रक्रिया में बुधवार को पहले दिन जांच का कार्य हुआ। पूरनपुर ब्लाक मुख्यालय पर बीडीसी और जिला मुख्यालय पर जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की जांच हुई। यह जांच गुरुवार को भी जारी रहेगी। पूरनपुर विकास खंड क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य के 11 पदों के लिए 216 व क्षेत्र पंचायत सदस्य के 274 सीटों के लिए 1156 उम्मीदवारों ने नामांकन कराया है। जांच में पहले दिन बीडीसी के दो पर्चे खारिज किए गए, जबकि जिपं सदस्य के नामांकन पत्रों की जांच में पहले दिन कोई पर्चा खारिज नहीं हुआ।
दो पर्चे खारिज, एक आपत्ति दाखिल
पूरनपुर। पंचायत चुनाव के अंतिम चरण के चुनाव को लेकर बुधवार से दो दिवसीय नामांकन पत्रों की जांच शुरू हुई। आरओ/जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी तिलक सिंह ने बताया कि जांच में पहले दिन दो नामांकन खारिज किए गए। उन्होंने बताया कि क्षेत्र पंचायत के एक वार्ड एससी महिला के लिए आरक्षित है। इस वार्ड में एससी के दो पुरुषों के नामांकन पाए गए। पुरुषों के दोनों नामांकनों को खारिज कर दिया गया। शेरपुरकलां निवासी और वार्ड 16 से क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रत्याशी आयशा असलम ने वार्ड में राजप्रीत कौर के दाखिल नामांकन में प्रस्तावक के हस्ताक्षर न होने पर आपत्ति की। उन्होंने बताया कि राजप्रीत कौर का प्रस्तावक गांव चंदिया हजारा निवासी हरसुरन लाल को बनाया गया। जबकि हरसुरन लाल खुद इसी वार्ड से प्रत्याशी है। उनका तर्क है कि प्रत्याशी किसी का प्रस्तावक नहीं हो सकता। इसके अलावा प्रस्तावक के उसके नामांकन और प्रस्तावक के रूप में किए गए हस्ताक्षर अलग-अलग हैं। आरओ ने बताया कि आपत्ति को निस्तारण को संबंधित एआरओ को सौंप दिया गया है।
प्रत्याशी के जाति प्रमाण पत्र पर आपत्ति
पीलीभीत। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष गुरदयाल सिंह ने जिला पंचायत के वार्ड संख्या एक से रालोद समर्थित प्रत्याशी मंजीत सिंह के पिछड़ी जाति के जारी जाति प्रमाण पत्र पर आपत्ति जताते हुए इसकी शिकायत डीएम से की है। पूर्व जिपं अध्यक्ष ने आपत्ति पर में कहा कि वार्ड संख्या एक पिछड़ी जाति के लिए आरक्षित है। उनका कहना है कि मंजीत सिंह जट सिख हैं जो सामान्य जाति में आते हैं, जबकि उन्होंने नामांकन पत्र के साथ पिछड़ी जाति का प्रमाण पत्र लगाया है। आरोप है कि यह प्रमाण पत्र उन्होंने तहसील कर्मचारियों की मिली भगत से बनवा कर जारी किया है। उन्होंने नामांकन पत्र इस आधार पर खारिज करने की मांग की है। बताते चलें कि पूर्व जिपं अध्यक्ष गुरदयाल सिंह ने भी वार्ड नंबर एक से जिपं सदस्य पद के लिए नामांकन कराया है।
मतदान कर्मियों को किया प्रशिक्षित
बीसलपुर। पंचायत चुनाव के तृतीय चरण के होने वाले पंचायत चुनाव के सिलसिले में बुधवार को बीसलपुर मंडी यार्ड और बिलसंडा के गांधी स्मारक सुंदर लाल इंटर कॉलेज में मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में 18 मतदान कर्मी अनुपस्थित रहे।
17 अक्तूबर को तृतीय चरण में बीसलपुर ब्लाक और बिलसंडा ब्लाक में पंचायत चुनाव होना है। इस चुनाव में ड्यूटी करने वाले मतदान कर्मियों को बुधवार को दोनों स्थानों पर प्रशिक्षण दिया गया। बीसलपुर मंडी यार्ड में मतदान कर्मियों को डीएम मासूम अली सरवर, जिला विकास अधिकारी एके चंद्रौल, निर्वाचन अधिकारी वीके गुप्ता और बीडीओ सीके श्रीवास्तव ने प्रशिक्षण दिया।
बिलसंडा में एसडीएम बीपी सिंह, डीआईओएस जेके वर्मा, बीएसए अंबरीष यादव, तहसीलदार नन्हे लाल, बीडीओ डॉ. विवेकानंद गंगवार, श्यामा कुमार, कंचन कुमार और राजेंद्र द्विवेदी आदि अधिकारियों ने प्रशिक्षित किया। इस दौरान मतदान कर्मियों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब देकर उनको संतुष्ट किया गया। बीसलपुर के प्रशिक्षण शिविर में शशि देवी, भगवान दास, मोहम्मद अहमद, श्रीराम, मजस्पिल हुसैन, भगवान दास (द्वितीय), मोबीन फातिमा और नीलम देवी आदि मतदान कर्मी अनुपस्थित रहे।
बिलसंडा में हुए प्रशिक्षण में भी कई मतदान कर्मी अनुपस्थित रहे। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अनुपस्थित मतदान कर्मियों को बृहस्पतिवार को बुलाकर प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यदि यह मतदान कर्मी बृहस्पतिवार को भी नहीं आएंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गैरहाजिर कर्मचारियों के खिलाफ होगी एफआईआर
पीलीभीत। प्रभारी अधिकारी कार्मिक एके सिंह चंद्रौल ने बताया कि प्रशिक्षण के बीसलपुर व बिलसंडा में करीब 18 कर्मचारी गैरहाजिर रहे। उन्होंने बताया कि इन सभी कर्मचारियों को 15 अक्तूबर को बुलाया गया है, यदि यह कर्मचारी निर्धारित तिथि पर नहीं पहुंचते हैं तो इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।