पीलीभीत। शहर सहित जिले के विभिन्न स्थानों से गंगाजल लेने जाने वाले और विभिन्न घाटों से गंगाजल लेकर लौटने वाले कांवड़ियों के आवागमन का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा। इस दौरान सड़कों पर हर-हर महादेव के जयकारों की गूंज रही। डीजे पर शिव की महिमा का गुणगान करने वाले बज रहे भजनों से माहौल पूरी तरह भक्तिमय रहा।
शहर में मंडी समिति परिसर में कांवड़ियों के रात्रि विश्राम की व्यवस्था कराई गई है। सोमवार को प्रात: से ही ये कांवड़िये गौरीशंकर मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए निर्धारित मार्गों से पहुंचेंगे। गौरीशंकर मंदिर में भी कांवड़ियों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
पूरनपुर। गांव पटिहन से कांवड़ियों का जत्था गंगाजल लेने के लिए फर्रुखाबाद के पांचाल घाट को रवाना हुआ। कांवड़िये मंगलवार को गोला गोकर्णनाथ पहुंचकर शिवालय में जलाभिषेक करेंगे। सहकारी गन्ना समिति के चेयरमैन नितिन दीक्षित, सच्चिदानंद वर्मा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अर्चना वर्मा आदि ने कांवड़ियों को रवाना किया।
चुर्रासकतपुर। गांव मुसेली के प्रधान इश्तियाक अल्वी ने रविवार को मीरपुर क्षेत्र से गुजर रहे कांवड़ियों एवं शिवभक्तों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। प्रधान ने कांवड़ियों को जलपान भी कराया।
बरखेड़ा। कस्बे के श्री सिद्ध बाबा देवस्थल से पांचवीं कांवड़ यात्रा रविवार दोपहर आरंभ हुई। यात्रा शुरू होने से पहले महंत प्रवेश जोशी ने कांवड़ियों के साथ मिलकर भगवान शिव की विशेष पूजा की। इसके बाद नगर पंचायत अध्यक्ष श्याम बिहारी भोजवाल ने झंडी दिखाकर कांवड़ यात्रा को रवाना किया। इस कांवड़ यात्रा में संतराम, अरविंद, राजवीर, कपिल, विकास, बालकराम, हिमांशु, शिव कुमार और मोनू कश्यप सहित सैकड़ों की संख्या में कांवड़िये कछला घाट के लिए रवाना हुए। ज्योरहा कल्यानपुर स्थित श्री बालाजी मंदिर से चौथी कांवड़ बाइक यात्रा रविवार दोपहर 12 बजे कछला गंगा घाट के लिए निकली। इस बाइक कांवड़ यात्रा को क्षेत्रीय विधायक स्वामी प्रवक्ता नंद ने झंडी दिखाकर रवाना किया।
न्यूरिया। कस्बे के साथ ही गांव संडा में शिव भक्तों के जत्थे बदायूं के कछला घाट से गंगाजल लेने के लिए रवाना हुए। कस्बे के मोहल्ला ठाकुरद्वारा स्थित श्रीकृष्ण माधो मंदिर में दोपहर करीब एक बजे विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद पुरोहित रोहित पांडेय के सानिध्य में 50 से अधिक कांवड़ यात्री मोटरसाइकिलों से कछला घाट के लिए रवाना हुए। जत्थे में रोहित पांडेय, ओपी शर्मा, विमल गुप्ता, बंटी गुप्ता, राजीव गुप्ता, राकेश गुप्ता, मुकेश राठौर, नीरज, गौरव गुप्ता, विपिन, ऋतिक गुप्ता, अमित गुप्ता और तनिश गुप्ता शामिल रहे।
कस्बा बरखेड़ा में कछला घाट रबाना होती काबड़ यात्रा संवाद
कस्बा बरखेड़ा में कछला घाट रबाना होती काबड़ यात्रा संवाद