बाबा अमरनाथ के दर्शनकर सकुशल श्रद्धालुओं के घर पहुंचने पर परिवारवालों ने राहत की सांस ली। श्रद्धालुओं के घरों पर खुशी का माहौल है। आसपास के लोग उनके पास पहुंचकर वहां के हालात के बारे में जानकारी कर रहे हैं।
बीसलपुर से बाबा अमरनाथ के दर्शन करने गए श्रद्धालुओं का जत्था मंगलवार को सकुशल वापस आ गया है। जिससे श्रद्धालुओं के परिवार वालों ने राहत की सांस ली। यह जत्था कश्मीर में भड़की हिंसा के चलते रास्ते बंद होने से फंस गया था। श्रद्धालु बताते है कि बाबा बर्फानी के दर्शन कर वापस आने के लिए पैदल बालटाल पहुंचे। जहां से बस पकड़कर जम्मू पहुंचना था, लेकिन अनंतनाग में भड़की हिंसा से हो रहे पथराव और आगजनी के चलते प्रशासन ने सारे रास्ते बंद कर दिए थे। जिससे बालटाल में हजारों की संख्या में लोग फंस गए थे। लगभग तीन दिन बाद वहां के आईजी ने पहुंचकर जल्द ही निकलवाने का आश्वासन दिया। रविवार की रात लगभग 1.30 बजे कड़ी सुरक्षा में भारी फोर्स के साथ श्रद्धालुओं की बसों को रवाना किया गया। सोमवार को दोपहर में तीन बजे जम्मू रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। तब श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली। जत्थे में मुन्नालाल, प्रेमपाल शर्मा, रामा आसरे, सुरेश चंद, सीताराम, जीत सिंह, सतीश बाबू, राकेश कुमार सक्सेना, राजेश कुमार, राजकुमार, अवध बिहारी, राजीव प्रताप आदि श्रद्धालु शामिल रहे।