मुख्य कोषाधिकारी के खिलाफ जिले के बेसिक शिक्षक 13 जून से बीएसए कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन करेंगे। यह निर्णय प्राथमिक शिक्षक संघ की आपात बैठक में लिया गया।
बीएसए कार्यालय परिसर में सोमवार को हुई बैठक में कहा गया कि वेतन के नाम पर शिक्षकों का लंबे अरसे से उत्पीड़न किया जा रहा है। शासनादेशों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। लेखा कार्यालय भ्रष्टाचार में पूरी तरह डूब चुका है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मुख्य कोषाधिकारी के खिलाफ 13 जून से प्रदर्शन शुरू किया जाएगा जोकि गिरफ्तारी होने तक अनवरत जारी रहेगा। बताया कि इस धरना प्रदर्शन के दौरान प्रतिदिन नियमित रूप से कोषाधिकारी के साक्ष्य सहित काले चिट्ठे उजागर किए जाएंगे। शिक्षक नेताओं ने जिले के शिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया है। बैठक में जिलाध्यक्ष दयाशंकर, जिलामंत्री उमेश गंगवार, जिला कोषाध्यक्ष पवन सिन्हा, ब्लाक अध्यक्ष सूरजपाल सिंह, रामाधार पांडेय, संजय गंगवार, संतोष गंगवार, बाबूराम गंगवार, ब्लामंत्री उमेश मिश्रा, चंद्रमोहन गंगवार, सूर्यप्रकाश, भुवींद्रवीर, उमेश मिश्रा आदि मौजूद रहे। मालूम हो कि तीन दिन पूर्व वेतन को लेकर कोषागार में शिक्षक नेताओं व मुख्य कोषाधिकारी के बीच कहासुनी के साथ विवाद हो गया था। इसमें दोनों ओर से गाली गलौज का आरोप लगाया था। इससे गुस्साएं कोषागार कर्मियों ने शनिवार से कार्यालय में ताला लगाकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी।