जिले के बॉ स्कूलों से आठवीं परीक्षा पास छात्राओं को अब नौवी कक्षा में पढ़ाई के लिए हॉस्टल सुविधा मिलेगी। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने बीएसए कार्यालय से नौंवी में दाखिला लेने वाली छात्राओं की सूची मांगी है।
जिले में नौ कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय है। इनमें कक्षा छह से लेकर आठ तक कक्षाएं संचालित की जा रही है। इन विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं को कक्षा आठ तक की शिक्षा तो आसानी से मिल जाती है, लेकिन आगे के पढ़ाई के लिए जिले में हॉस्टल सुविधा न होने के कारण अधिकतर छात्राएं बीच में पढ़ाई छोड़ देती है। इधर अब बॉ स्कूलों से आठवीं पास छात्राओं को आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए हॉस्टल सुविधा मुहैय्या कराने का निर्णय लिया गया है। बॉ स्कूल की आठवीं पास छात्राएं कक्षा नौ में दाखिला लेने के साथ माध्यमिक शिक्षा विभाग के हॉस्टलों में रहकर पढ़ाई कर सकेगी। मालूम हो कि माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा बिलसंडा, बरखेड़ा व मरौरी ब्लाक के विद्यार्थियों के लिए राजकीय इंटर कॉलेज न्यूरिया स्थित हॉस्टल संचालित किए जा रहे हैं। इन्हीं हॉस्टलों में बॉ स्कूल से छात्राओं को रहकर आगे की पढ़ाई जारी रखने की सुविधा दी जाएगी। इसको लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग ने बेसिक शिक्षा विभाग से कक्षा नौ में हॉस्टल सुविधा लेने वाली छात्राओं की सूची मांगी है। इस संबंध में बालिका शिक्षा के जिला समन्वयक मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि कक्षा आठ के बाद हॉस्टल सुविधा न होने के कारण अधिकांश छात्राएं आगे की पढ़ाई बंद कर देती हैं। इसको ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। कक्षा नौ में दाखिला लेने भी छात्राओं को हॉस्टल सुविधा मुहैय्या कराई जाएगी, ताकि वह आगे भी पढ़ाई जारी रख सके। इसको लेकर सभी नौ बॉ स्कूलों से कक्षा आठ में उत्तीर्ण छात्राओं की सूची मांगी गई है। जल्द ही यह सूची माध्यमिक शिक्षा विभाग को उपलब्ध करा दी जाएगी।