जूनियर हाईस्कूल टाह पौटा में ओएमआर सीट भरने का अभ्यास करते बच्चे स्रोत : शिक्षक
पीलीभीत। परिषदीय स्कूलों के बच्चे और शिक्षक नैट (निपुण एसेसमेंट टेस्ट) की तैयारियों में जुटे हैं। शिक्षक, छात्रों को ओएमआर शीट भरने का अभ्यास करा रहे हैं। यह परीक्षा 25 और 26 नवंबर को बेसिक स्कूलों में कराई जाएगी। इसका विवरण ऑनलाइन भी अपलोड किया जाएगा।
परिषदीय स्कूलों के बच्चों का शैक्षणिक स्तर जानने के लिए स्कूलों में नैट परीक्षा कराई जा रही है। परीक्षा ओएमआर शीट पर होगी। कक्षा तीन से आठ तक के विद्यार्थी ओएमआर शीट पर परीक्षा देंगे। वहीं एक और दो कक्षा के विद्यार्थियों से शिक्षक सवाल पूछेंगे। बेसिक शिक्षा विभाग परीक्षा की तैयारियों में जुटा है।
बच्चों को ओएमआर शीट भरने के बारे में बताया जा रहा है। परीक्षा को लेकर अभ्यास भी कराया जा रहा है। शनिवार को मरौरी ब्लॉक के जूनियर हाईस्कूल टाह पौटा में प्रधानध्यापक अजय कुमार और शिक्षकों ने बच्चों को ओएमआर शीट भरने का अभ्यास कराया। शीट पर विद्यार्थी का नाम और उत्तर के विकल्प भरने के बारे में बताया गया। इसी तरह अन्य विद्यालयों में भी बच्चे ओएमआर शीट भरने का अभ्यास कर रहे हैं।
1.68 लाख बच्चे देंगे नैट परीक्षा
जिले के 1499 परिषदीय स्कूलों के विद्यार्थी निपुण एसेसमेंट टेस्ट देंगे। दो दिवसीय परीक्षा में पहले दिन 25 नवंबर को एक से कक्षा तीन तक के विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। दूसरे दिन 26 नवंबर को कक्षा चार से आठ के विद्यार्थी परीक्षा में भाग लेंगे। परीक्षा को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। नैट परीक्षा में परिषदीय स्कूलों के करीब 1.68 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे।