इंदरजीत सिंह मेमोरियल राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का तीसरा दिन
108 रनों से दर्ज की शानदार जीत
एचएल स्टेडियम में चल रहे इंदरजीत सिंह मेमोरियल राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेट के तीसरे दिन मेरठ की टीम ने बरेली को 108 रनों से हराकर सेमी फाइनल में जगह बनाई है। मैच का लुत्फ लेने के लिए भारी संख्या में दर्शकों की भीड़ रही। हर चौके-छक्के पर तालियों की गड़गड़ाहट से स्टेडियम परिसर गूंजता रहा।
सोमवार सुबह मेरठ टीम के कप्तान गौरव सिरोही ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। टीम की शुरूआती बल्लेबाजी काफी बेहतर रही। कप्तान गौरव सिरोही ने सर्वाधिक 69 रन बनाए। इसके अलावा खिलाड़ी शिवम चौधरी ने मात्र बत्तीस गेंदों पर आक्रामक 45 रनों की पारी खेली। विपिन के 38 और अजहर अली की 22 रनों की पारी से मेरठ की टीम ने एक बड़ा स्कोर खड़ा किया। चालीस ओवर के मैच में मेरठ की टीम ने 37.2 ओवर में कुल 246 रन बनाए। एक बड़े टारगेट का पीछा करने के लिए स्टेडियम बरेली की टीम मैदान में उतरी, लेकिन मेरठ की टीम के गेंदबाजों ने बरेली टीम के खिलाड़ियों को ज्यादा देर पिच पर टिकने ही नहीं दिया। इमरान और माजिद खान ने 56 रनों की साझेदारी की, लेकिन इन दोनों खिलाड़ियों के आउट होते ही विकेट की झड़ी सी लग गई। एकाएक विकेट गिरते चले गए। महफूज 20, यूसुफ 8, सचिन 13 रन ही बना सके। नतीजन बरेली की टीम 31.1 ओवर में मात्र 138 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। 108 रनों के बड़े अंतर से जीत हासिल करने के बाद मेरठ की टीम टूर्नामेंट के सेमी फाइनल में पहुंच गई है। मैच देखने पहुंचे दशकों में बी क्लीफर्ड, पंकज कुमार सिंह, पूर्व क्रिकेटर कपिल सोहेल, राजेश, अर्शी, सद्दाम, रिजवान, सुशील शर्मा, मनोज , केशव आनंद, रेहान, चिरंजीव गौड़ आदि मौजूद रहे।
गौरव सिरोही बने मैन ऑफ द मैच
शानदार 69 रनों की पारी खेलकर एक बड़े स्कोर तक टीम को पहुंचाने के साथ ही बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन कर छह ओवर में सोलह रन देकर बरेली के चार विकेट झटकने वाले मेरठ टीम के कप्तान गौरव सिरोही को मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। मुख्य अतिथि डा. डीके गंगवार ने इनको पुरस्कृत किया।
आज भिड़ेंगे कानपुर और मुजफ्फर नगर
समिति के अध्यक्ष अनिल महेंद्रू, उपाध्यक्ष परमवीर सिंह पैरी ने बताया कि मंगलवार चौथे दिन मुजफ्फर नगर और कानपुर की टीम के बीच मैच खेला जाएगा। यह भी बताया कि इंडिया के लिए टेस्ट मैच खेल चुके पूर्व टेस्ट क्रिकेटर शशिकांत खांडेकर भी कानपुर की टीम के साथ होंगे।