बिलसंडा। बंद दुकानों के ताले तोड़कर सामान समेटने वाले चोरों को पुलिस पकड़ने में सफल नहीं हो सकी। नतीजतन चोरों के हौसले बुलंद हुए और उन्होंने बैंक को निशाने पर ले लिया। पीछे की दीवार में नकब लगाकर चोर भीतर घुसे और खंगालना शुरू कर दिया। हालांकि यहां से सिर्फ टैबलेट ही चोरी कर पाए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। प्रबंधक से मिली तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारी आए दिन बैंकों की सुरक्षा पर गंभीरता बरतने के निर्देश देते हैं। मगर थाना स्तर पर पुलिस की लापरवाही बनी रहती है। छिटपुट चोरी की घटनाओं को नजरअंदाज कर दिया जाता है। यही वजह रही कि दुकानों में नकब लगाने वाले चोर बैंक तक पहुंच गए। गोला रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा कार्यालय में शुक्रवार को काम समाप्त होने पर उसे बंद करके कर्मचारी घर चले गए। इसके बाद देर रात चोरों ने बैंक के पीछे की दीवार में नकब लगाकर भीतर प्रवेश कर गए। गनीमत रही कि चोर कोई कीमती सामान नहीं ले जा सके। सिर्फ टैबलेट चोरी कर पाए। शनिवार सुबह कर्मचारी बैंक पहुंचे तो नकब लगा देख उनके होश उड़ गए। अधिकारियों को घटना से अवगत कराया गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में पुलिस भी आ गई। मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। मगर कोई खास सुराग नहीं मिल सका। शाखा प्रबंधक अमित प्रकाश ने बताया कि चोर टैबलेट ले गए हैं। पुलिस को तहरीर दी गई है। कोतवाली इंस्पेक्टर नरेश कश्यप ने बताया कि अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कराई जा रही है। संवाद